ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी की पहली विदेश यात्रा

आज से कनाडा समेत तीन देशों के दौरे पर पीएम मोदी; ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली विदेश यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साइप्रस के लिए रवाना हो गए। दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी 15 से 18 जून तक विदेश यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वह साइप्रस, कनाडा व क्रोएशिया जाएंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी के इस पहले विदेश दौरे को द्विपक्षीय रिश्तों को बढ़ाने व यूरोपीय संघ और भूमध्यसागरीय क्षेत्र के साथ भारत के जुड़ाव को मजबूत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। कनाडा में वह जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के अलावा पीएम मार्क कार्नी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।

पहली बार किसी भारतीय पीएम की क्रोएशिया यात्रा
पीएम मोदी 18 जून को क्रोएशिया की यात्रा पर रहेंगे जो किसी भी भारतीय पीएम की इस देश की पहली यात्रा होगी। पीएम मोदी प्रधानमंत्री प्लेंकोविच के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे और क्रोएशियाई राष्ट्रपति जोरान मिलानोविच से भी मिलेंगे।