झारखंड में नशे के कारोबार की जड़े हो रही हैं मजबूत, पुलिस की बढ़ी दबिश, तीन धराए !
- By rakesh --
- 20 May 2023 --
- comments are disable
रांची। झारखंड में नशे के कारोबार की जड़े इतनी मजबूत है कि हर दिन किसी ना किसी इलाके में गांजा, अफीम के तस्करों के करतूत की जानकारी मिल रही है। ताजा उदाहरण राजधानी रांची से सटे बुंडू अनुमंडल के दशम फ़ॉल थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने लगभग दो किलोग्राम अफ़ीम के साथ तीन लोगों को गिरफ़्तार किया है । उक्त जानकारी बुंडू डीएसपी अजय कुमार ने शनिवार सुबह दी। डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि गिरफ़्तार अभियुक्तों के नाम मंगरा लोहरा, कुंवर मुंडा एवं लखन मुंडा हैं । मंगरा लोहरा एवं कुँवर मुंडा दशम फ़ॉल थाना क्षेत्र के लोवाहातु गाँव के बाड़ेदा जबकि लखन मुंडा अराडीह का निवासी है । तीनों को शनिवार को जेल भेज दिया गया ।
डीएसपी ने बताया कि शुक्रवार सुबह दशम फ़ॉल थाना प्रभारी विष्णुकान्त को शुक्रवार सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि अराडीह गाँव के पास कुछ व्यापारी अफ़ीम की ख़रीद-बिक्री करने वाले हैं । सूचना पर डीएसपी अजय कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाकर शुक्रवार शाम रोसेलटोला-गयाजारा रोड पर पुलिस द्वारा रेकी की जाने लगी । तभी एक मोटरसाइकिल पर वहाँ पहुँचे दो लोग पुलिस को देख भागने लगे । उनका पीछा कर पकड़ने पर उनके पास से लगभग एक किलोग्राम अफ़ीम बरामद किया गया ।
युवकों ने अपना नाम मंगरा लोहरा एवं कुँवर मुंडा बताया । मंगरा एवं कुँवर ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वे अराडीह के लखन मुंडा से अफ़ीम ख़रीद कर चतरा में कृष्ण कुमार सिंह को बेचते हैं । इनके निशान देही पर ही अराडीह से लखन मुंडा को भी गिरफ़्तार किया गया । लखन के पास से लगभग एक किलोग्राम अफ़ीम बरामद किया गया ।बुंडू अनुमंडल पुलिस की अफीम की तस्करी पर अभियान जारी है