सांसद निशिकांत ने सुप्रीम कोर्ट पर की टिप्पणी, बीजेपी ने किया किनारा !

वक्फ को लेकऱ सुप्रीम कोर्ट के  फैसलों को लेकर गोड्डा के सासद निशिकांत दुबे ने कड़ी टिप्पणी की है। हालांकि उनकी टिप्पणी को लेकर कई तरह की प्रतिक्रिया हो रही है।

निशिकांत के न्यायपालिका पर दिए बयान से BJP का किनारा; नड्डा बोले- पार्टी ने हमेशा अदालतों का सम्मान किया

 

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा के न्यायपालिका पर दिए गए बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में गर्माहट बढ़ गई है। विपक्षी कांग्रेस और अन्य दलों की व्यापक तौर पर आलोचनाओं के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने उनके बयान से किनारा कर लिया है। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी ऐसे किसी बयान का समर्थन नहीं करती है। उन्होंने कहा कि मैंने दोनों सांसदों को ऐसा कोई भी बयान न देने का निर्देश दिया है। ये उनका निजी बयान है, पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा सुप्रीम कोर्ट का सम्मान किया है।

चौथी बार भाजपा सांसद दुबे ने सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ तीखा हमला करते हुए कहा था कि अगर शीर्ष अदालत को कानून बनाना है तो संसद और राज्य विधानसभाओं को बंद कर देना चाहिए। साथ ही उन्होंने सीजेआई खन्ना पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना और सुप्रीम कोर्ट इस देश में हो रहे सभी गृहयुद्धों के लिए जिम्मेदार हैं।

वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने भी सुप्रीम कोर्ट की आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि कोई भी संसद या राष्ट्रपति को निर्देश नहीं दे सकता।