जनजाति गौरव दिवस पर उलीहातू से संदेश देंगे मोदी, तैयारी तेज

जनजाति गौरव दिवस 15नवंबर पर भगवान बिरसा मुंडा को नमन करने उनकी जन्मस्थली उलिहातु आयेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी …आदित्य साहू

खूंटी में जनसभा को भी करेंगे संबोधित

खूंटी में आज भाजपा जिलाध्यक्ष गण की हुई महत्वपूर्ण बैठक

आगामी 15नवंबर झारखंड की धरती केलिए ऐतिहासिक होगा जब भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान बिरसा की जन्मस्थली उलिहातु में 10बजे पूर्वाह्न उन्हे नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू ने दी।

आज प्रधानमंत्री के खूंटी कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई जिसमे पद्म भूषण कड़िया मुंडा,केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा,प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू, डॉ प्रदीप वर्मा,प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ,बबन गुप्ता,रांची महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता,ग्रामीण रांची जिलाध्यक्ष सुरेंद्र महतो सहित खूंटी,सिमडेगा ,गुमला,लोहरदगा,पूर्वी सिंहभूम,जमशेदपुर महानगर,चाईबासा, सरायकेला खरसावां,जिला के जिलाध्यक्ष एवम जिला प्रभारी शामिल हुए ।

मीडिया से बात करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के झारखंड आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। प्रधानमंत्री ने 15नवंबर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित कर झारखंड का सम्मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि जनजाति समाज का स्वाभिमान और सम्मान बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता से प्रधानमंत्री का विशेष लगाव है। जनता का प्रेम उन्हे बार बार झारखंड खींच लाता है।अपने मन की बात कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री बार बार झारखंड को जगह देते हैं।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने ही भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर अलग राज्य का सपना साकार किया था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी खूंटी में विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।