AJSU का उद्देश्य राज्य का नवनिर्माण : सुदेश महतो

आजसू की कोल्हान प्रमंडलीय बैठक, माफिया राज के खिलाफ 22 जून को धनबाद में जनाक्रोश मार्च

AJSU का उद्देश्य राज्य का नवनिर्माण : सुदेश महतो 

पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं AJSU पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने कहा है कि आजसू पार्टी का उद्देश्य वोट नहीं बल्कि झारखंड का नवनिर्माण है। झारखंड को सही दिशा देने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। हेमंत सरकार का कोई रोडमैप नहीं है। माफिया राज चल रहा है। भ्रष्टाचार का बोलबाला है। इसके खिलाफ 22 जून को धनबाद में आजसू स्थापना दिवस पर जनाक्रोश मार्च का आह्वान किया गया है। आजसू पार्टी की कोल्हान प्रमंडलीय बैठक आज सरायकेला टाउन हॉल में आयोजित की गई, जिसमें सुदेश महतो ने मार्गदर्शन किया।

श्री महतो ने कहा कि AJSU  झारखंड के भविष्य की तैयारी के लिए युवा शक्ति को गोलबंद कर रही है। युवा आजसू का सम्मेलन 7–8 अगस्त को जमशेदपुर में होगा तथा 10,000 सक्रिय युवा कार्यकर्ता तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा रांची में 5 जुलाई को प्रदेश महिला अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण में आजसू का बड़ा योगदान है। पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50% आरक्षण और महिला समूहों के गठन में आजसू की अहम भूमिका रही है।

AJSU के प्रमुख नेताओं ने किया संबोधित

बैठक को पूर्व मंत्री श्री रामचंद्र सहिस, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, केंद्रीय महासचिव प्रो. श्री रविशंकर मौर्य, केंद्रीय सचिव सत्यनारायण महतो, चंद्रगुप्त सिंह, नंदलाल बिरुवा, नंदू पटेल दिनेश चंद्र बाईपोई जी, श्री चंद्रमोहन सिंकू जी आदि नेताओं ने संबोधित किया।

बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। साथ ही राज्य के जनसरोकारों, विकास, रोजगार, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था एवं अन्य समसामयिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। आगामी 22 जून को धनबाद में आयोजित आजसू स्थापना दिवस–सह–जनाक्रोश मार्च, 5 जुलाई को रांची में आयोजित महिला अधिवेशन और 7–8 अगस्त को जमशेदपुर में आयोजित युवा सम्मेलन की सफलता के लिए भी विचार विमर्श हुआ।

ओडिशा के सैकड़ों लोग हुए शामिल
बैठक के अंत में ओडिशा के क्योंझर से आए सैकड़ों लोगों ने सुदेश महतो के समक्ष आजसू की सदस्यता ग्रहण की।

 

ALSO READ- अन–मैप्ड मतदाता अपने बीएलओ से अवश्य संपर्क करें– के. रवि कुमार