यमन तट के पास भारतीय झंडे वाला मालवाहक जहाज डूबा

यमन तट के पास भारतीय झंडे वाला मालवाहक जहाज डूबा, 13 भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए

नई दिल्ली: यमन के तट के पास समुद्र में हुए हमले के बाद, भारतीय झंडे वाला एक कार्गो जहाज़ ‘MSV फ़ैज़ नूर ओलिय’ डूब गया। अच्छी बात यह रही कि जहाज़ पर सवार 13 भारतीय नाविकों समेत सभी 14 क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। इस घटना के बाद, भारत सरकार ने हमले की कड़ी निंदा की और कमर्शियल जहाज़ों पर हमलों को तुरंत रोकने के साथ-साथ समुद्री रास्तों की सुरक्षा का भरोसा दिलाने की मांग की।

हमले के बाद डूबा मालवाहक जहाज

केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने जानकारी दी कि यमन के समुद्री क्षेत्र के पास भारतीय मालवाहक जहाज MSV Faize Noore Oliya किसी प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने के बाद डूब गया। हालांकि, यमन सरकार समर्थित नेशनल रेजिस्टेंस फोर्सेज ने दावा किया कि जहाज पर पश्चिमी तट के पास विस्फोटकों से भरी एक नाव के जरिए हमला किया गया। हमले के तरीके को लेकर दोनों पक्षों के दावों में अंतर है।

सभी भारतीय नाविक सुरक्षित बचाए गए

घटना के बाद यमन कोस्ट गार्ड ने त्वरित बचाव अभियान चलाकर जहाज पर मौजूद सभी 14 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया। इनमें 13 भारतीय नागरिक शामिल हैं। सभी को सुरक्षित मोखा (Mocha) बंदरगाह पहुंचाया गया है।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और महानिदेशक समुद्री प्रशासन (DGMA) को सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

विदेश मंत्रालय ने जताई कड़ी आपत्ति

विदेश मंत्रालय (MEA) ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर होने वाले हमले तुरंत बंद होने चाहिए। मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और वैश्विक व्यापारिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही बनाए रखने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें: शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, संघर्ष और योगदान को किया नमन

भारत ने बताया हमला अस्वीकार्य

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारतीय मालवाहक जहाज पर हुआ यह हमला पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने राहत जताई कि सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और सरकार उनकी हरसंभव सहायता के लिए लगातार प्रयास कर रही है। भारत ने इस घटना को लेकर समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।