पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने फिर उगला जहर !

पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने फिर उगला जहर, कश्मीर पर भड़काऊ बयानबाजी, पिछली बार हुआ था पहलगाम आतंकी हमला

पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने फिर भारत के खिलाफ जहर उगला है। असीम मुनीर ने जब अप्रैल महीने में जहरीला भाषण दिया था तो भारत में पहलगाम आतंकी हमला हुआ था। जिसके बाद भारत ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी संगठनों पर सटीक हमले किए थे। भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दोनों पड़ोसी देशों में तनाव फैल गया था। लेकिन असीम मुनीर ने फिर से जहर उगला है। पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने दावा किया है कि भारत ने बिना किसी उकसावे के पाकिस्तान पर दो बार हमला किया है और उन्होंने इसे “रणनीतिक दूरदर्शिता की चिंताजनक कमी” कहा है।
असीम मुनीर ने भारत को क्षेत्रीय तनाव का जिम्मेदार ठहराने की कोशिश की और कहा कि भविष्य में किसी भी “आक्रामकता” का जवाब निर्णायक और माकूल दिया जाएगा। हालांकि पाकिस्तान के फील्ड मार्शल ने पाकिस्तान से चलने वाले आतंकवादी ठिकानों को लेकर कुछ नहीं कहा। असीम मुनीर ने पाकिस्तान को “नेट रीजनल स्टेबलाइजर” यानी क्षेत्रीय स्थिरता का वाहक करार देते हुए कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा “परिपक्वता और संयम” का प्रदर्शन किया है। मुनीर ने भारत पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर क्षेत्र में तनाव पैदा कर रहा है, जबकि पाकिस्तान आतंकवाद के खात्मे के करीब पहुंच रहा है।