सरना कोड की मांग को लेकर आंदोलन की रणनति झारखंड मुक्ति मोर्चा

रांची। सरना कोड लागू करने की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा अब आंदोलन तेज करेगा। पार्टी ने तय किया है कि 27 मई को राज्य के सभी जिला मुख्यालय में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन करेंगे।

पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा है कि नौ मई को पहले आंदोलन की घोषणा की गई थी। लेकिन देश में युद्ध जैसे हालात को देखते हुए पार्टी ने आंदोलन स्थगित कर दिया था। लेकिन अब देश मजबूती के साथ खड़ा है और अब फिर से समय आ गया है कि सरना कोड की मांग को लेकर आंदोलन किया जाए।

विनोद पांडेय ने यह भी कहा है कि पांच साल पहले ही विधानसभा का विशेष सत्र आहूत कर सरना कोड को पारित कर दिया है। सरकार ने राज्यपाल के माध्यम से इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार को भेजा है। लेकिन केंद्र सरकार की तरफ से इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है।

अब जब केंद्र सरकार जातीय जनगणना को लेकर केंद्र सरकार की तैयारी चल रही है। ऐसे में पार्टी केंद्र सरकार से मांग करती है कि इस बार की जनगणना में सरना कोड का कॉलम निर्धारित किया जाए।

इसी को ध्यान में रखकर पार्टी ने आंदोलन की घोषणा की है। इस आंदोलन में पार्टी के पदाधिकारी, के साथ साथ सांसद विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपने अपने जिला मुख्यालय पर जमा होकर आंदोलन करेंगे।