सरायकेला में दिल दहला देने वाली वारदात: दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या, शव के टुकड़े कढ़ाई में भूनने की कोशिश का आरोप; जेठ गिरफ्तार

सरायकेला में दिल दहला देने वाली वारदात: दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या, शव के टुकड़े कढ़ाई में भूनने की कोशिश का आरोप; जेठ गिरफ्तार

सरायकेला। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 47 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी पर महिला के शव के कई हिस्सों को काटकर कढ़ाई में भूनने की कोशिश करने का भी आरोप है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान जोम्बरो गांव निवासी 47 वर्षीय विश्वासी सोय के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान 54 वर्षीय पैलुश मुंडा के रूप में की गई है, जो रिश्ते में महिला का जेठ लगता है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मेले में हंडिया बेचने गई थी महिला, लौटते समय जेठ के घर रुकी

मिली जानकारी के अनुसार, गांव के बाहर मेला लगा हुआ था। इसके साथ ही वहां हॉकी टूर्नामेंट का भी आयोजन किया गया था। विश्वासी सोय मेले में हंडिया बेचने गई थी। शाम को घर लौटने के दौरान वह अपने जेठ पैलुश मुंडा के घर रुक गई।

बताया जा रहा है कि उस समय घर में पैलुश मुंडा और कुछ अन्य लोग बैठकर शराब पी रहे थे। देर रात नशे की हालत में बाकी लोग अपने-अपने घर चले गए, जबकि विश्वासी वहीं रुक गई।

दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप, नाले में फेंका शव

आरोप है कि घर में महिला को अकेला पाकर पैलुश मुंडा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी। कथित तौर पर आरोपी ने महिला के शव को गांव के एक नाले में फेंक दिया।

हालांकि, इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब ग्रामीणों को आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। नाले में महिला का शव मिलने के बाद ग्रामीणों को पूरे मामले की गंभीरता का पता चला।

शव के टुकड़ों को कढ़ाई में भूनने की कोशिश का आरोप

इस वारदात का सबसे विचलित करने वाला पहलू शव के साथ कथित बर्बरता से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी ने महिला के शव के कई हिस्सों को काट लिया था। आरोप है कि वह घर के पीछे रखी कढ़ाई में इन हिस्सों को भूनने की कोशिश कर रहा था।

इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर उसकी गतिविधियों पर पड़ गई। जब लोगों ने नाले में महिला का शव भी देखा तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने पैलुश मुंडा को घेर लिया और पकड़कर अपने कब्जे में रख लिया। इसके बाद दलभंगा ओपी पुलिस को सूचना दी गई। अगले दिन सुबह पुलिस की टीम गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। पुलिस अब इस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएंगे अहम तथ्य

पुलिस महिला के साथ कथित दुष्कर्म, हत्या और शव के साथ की गई बर्बरता के आरोपों की पड़ताल कर रही है। बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और शव के साथ कथित तौर पर क्या किया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें: झारखंड में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को बड़ा झटका, 50 डिसमिल खास महाल जमीन वापस लेगी सरकार; बेटी अंबा प्रसाद का भी आया नाम