गवर्नर ने किया ‘राष्ट्रीय युवा उत्सव–2026’ के लिए चयनित प्रतिभागियों से संवाद
- By rakesh --
- 07 Jan 2026 --
- comments are disable
राज्यपाल महोदय ने राष्ट्रीय युवा उत्सव–2026 के चयनित प्रतिभागियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज लोक भवन में भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘राष्ट्रीय युवा उत्सव–2026’ के लिए झारखण्ड से चयनित प्रतिभागियों से संवाद किया। इस अवसर पर राज्यपाल महोदय ने सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि वहाँ से विजेता बन कर लौटने के पश्चात लोक भवन में उनका पुनः स्वागत किया जाएगा।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि चयनित युवा केवल स्वयं का नहीं, बल्कि झारखण्ड राज्य की प्रतिभा, संस्कृति और आत्मविश्वास का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। विभिन्न स्तरों की चयन प्रक्रिया से गुजरकर यहाँ तक पहुँचना अपने-आप में एक बड़ी उपलब्धि है, जो उनके परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास का प्रमाण है। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ-साथ उनके मार्गदर्शकों एवं प्रशिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।
माननीय राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय युवा उत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विचार, संस्कार और संवाद का राष्ट्रीय संगम है, जहाँ देश के विभिन्न राज्यों के युवा एक-दूसरे से सीखते हैं और भारत की विविधता को निकट से अनुभव करते हैं। यह ‘विविधता में एकता’ की जीवंत झलक प्रस्तुत करता है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के विचार— “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” का उल्लेख करते हुए कहा कि यही इस उत्सव की आत्मा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत@2047 का सपना युवाओं की सोच, संकल्प और कर्म से ही साकार होगा, इसलिए सकारात्मक दृष्टिकोण एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना आवश्यक है।
राज्यपाल महोदय ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे राष्ट्रीय मंच पर झारखण्ड के युवा एम्बेसडर होंगे और उनका आचरण, भाषा एवं व्यवहार राज्य की छवि को प्रतिबिंबित करेगा। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ विनम्रता एवं अनुशासन बनाए रखने का विशेष आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस उत्सव से प्रतिभागी केवल पुरस्कार ही नहीं, बल्कि अनुभव, मित्रता और प्रेरणा लेकर लौटें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखण्ड को गौरवान्वित करेंगे।
उक्त अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ० नितिन कुलकर्णी ने कहा कि प्रतिभागियों ने यहाँ बेहतर प्रस्तुति दी है। उन्होंने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुति के दौरान समय-सीमा, स्लाइड्स एवं कंटेंट आदि पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
- current events
- govenor
- governor jharkhand
- govneror
- govrnor
- india news
- indian politics
- jharkhand cm
- jharkhand development
- Jharkhand government
- Jharkhand News
- jharkhand politics
- jharkhand updates
- jhrakhand
- leadership in jharkhand
- local news
- political analysis
- political updates
- regional news
- state governance