रांचीः मुख्यमंत्री के नैतिकता की अग्नि परीक्षा होगी बड़हरवा प्रकरण- दीपक प्रकाश

  • बड़हरवा प्रकरण पर मंत्री आलमगीर आलम इस्तीफा दें,

  • हेमंत सरकार के नैतिकता की यह अग्नि परीक्षा है

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने हेमंत सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि लगभग छः माह के भीतर ही हेमंत सरकार का वास्तविक चेहरा सामने आ गया। यह सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूब चुकी है। दीपक प्रकाश बड़हरवा प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अपनी बात कही।

उन्होंने कहा कि ठेका मैनेजमेंट कंपनी जनहित के कार्यों की बोली लगा रहे है। दुर्भाग्यजनक स्थिति यह है कि इसमें सरकार के वरिष्ठ मंत्री और मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि शामिल है। स्थिति स्पष्ट है कि हेमंत सरकार में  भ्रष्टाचार की जड़े कितनी गहरी हो गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की जननी और पोषक है। मधु कोड़ा को मुख्यमंत्री बनाकर जिस प्रकार से कांग्रेस ने राज्य को लूटा था उसी प्रकार फिर से लूटने की साजिश रची गई है।

प्रकाश ने कोल ब्लॉक नीलामी के निर्णय का विरोध भी राज्य में खनिजों को लूटने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने केलिय ही किया जा रहा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, ठेकेदार शंभु भगत एवम ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के बीच हुई बातचीत के ऑडियो ने सरकार की नीयत का खुलासा कर दिया है।

उन्होंने कहा कि सरकार को गंभीरता पूर्वक इसकी जांच करानी चाहिये जिससे दूध का दूध और पानी का पानी साफ हो जाएगा। प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री के नैतिकता की यह अग्नि परीक्षा होगी। मंत्री तत्काल इस्तीफा दें या मुख्यमंत्री मंत्री आलमगीर आलम से इस्तीफा मांग लें।