शाह का दौरा कई मायनों में अहम, सत्ता पर कब्जा जमाने की बन रही है रणनीति !
- By rakesh --
- 03 Feb 2023 --
- comments are disable
बीजेपी के चाणक्य के झारखंड दौरे से रजनीतिक हलचल तेज
रांची। केंद्रीय गृह मंत्री सह बीजेपी के चाणक्य माने जानेवाले अमित शाह का एक माह के अंदर झारखंड का दो दौरा कई नए संकेत दे रहा है। एक माह के अंदर अपने दूसरे दौरे पर झारखंड पहुंच रहे अमित शाह इस बार जेएमएम के लिए गढ़ माना जानेवाले संतालपरगना में दस्तक दे रहे हैं। चार फरवरी को अमित शाह बाबा नगरी देवघर में बाबा के दरबार में पूजा अर्चना कर क्षेत्र की जनता को संबोधित भी करेंगे। माना जा रहा है कि बीजेपी की निगाहें कोल्हान की 14 सीटों के बाद संतालपरगना की 18 सीटों पर हैं। जानकार मानते हैं कि संतालपरगना और कोल्हान में जिल पार्टी की जीत ज्यादा विधानसभा की सीटों पर होगी, वह राज्य में सरकार बनाने के करीब होता है। ऐसे में सभी पार्टियां इन दोनों इलाकों की विधानसभा की सीटों पर दावेदारी करने के मूड में दिखाई पड़ रही है।
एनडीए के लिए अपनी 12 सीटों को बचा पाना भी है बड़ी चुनौती
अमित शाह के दौरे को दो तरह से देखा जा रहा है। पहला यह कि राज्य की 14 लोकसभा की सीटों पर ज्यादा से ज्यादा कब्जा फिर से बनाई जा सके। क्योंकि लोकसभा की 14 सीटों में से 12 पर एनडीए का कब्जा है। हालांकि राजनीति के जानकारों का मानना है कि एनडीए के लिए अपनी 12 सीटों को बचाए रखना एक बड़ी चुनौती हो सकती है। यही कारण है कि अब अमित शाह जैसे नेता झारखंड के दो बड़े इलाके के वोटरों को अपने पक्ष में करने को लेकर चुनाव के एक साल पहले ही तैयारी तेज कर दी है।
संताल और कोल्हान बनता है बड़ा फैक्टर
वैसे झारखंड विधानसभा की सीटों पर नजर डाली जाए तो संतालपरगना और कोल्हान की विधानसभा सीटों पर जेमएम का दबदबा दिखाई पड़ रहा है। संतालपरगना में कुल 18 विधानसभा की सीटें हैं। इसमें से राज्य में सरकार चला रही पार्टी जेएमएम के पास आठ सीट और पांच सीट कांग्रेस के पास है। बीजेपी के खाते में फिलहाल पांच सीटें हैं। वहीं कोल्हान की बात की जाए तो कुल 14 विधानसभा की सीटों में से 10 सीटों पर जेएमएम का कब्जा है। कांग्रेस के पास दो और निर्दलीय एक सीट सरयू राय के पास है। पिछले चुनाव में कोल्हान से बीजेपी को एक भी सीट नहीं मिल पाई थी। नजीता साफ है कि राज्य में आसानी से यूपीए की सरकार बन गई थी।
अब वर्तमान हालात में बीजेपी की नजर इस दिशा में है, कि इन दोनों इलाकों में अगर जेएमएम और कांग्रेस को पछाड़ा जाए तो 2024 में होनेवाले चुनाव में बड़ी जीत हासिंल कर सत्ता पर काबिज हुआ जा सकता है।
झारखंड में विधानसभा के आंकड़े- कुल विधानसभा की सीटें- 81
सरकार चला रही पार्टी – यूपीए
जेएमएम 30 सीट
कांग्रेस 18 सीट
आरजेडी 01 सीट
विपक्ष में- एनडीए
बीजेपी 26 सीट
आजसू 02 सीट
अन्य
निर्दलीय सरयू राय—01
माले विनोद सिंह- 01
एनसीपी कमलेश सिंह- 01
निर्दलीय अमिमत कुमार 01