रांची: कांग्रेस ने राफेल का किया स्वागत, कीमत बढ़ने पर दागे सवाल

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने देश की सामरिक और रक्षाशक्ति की मजबूती के लिए राफेल के भारत पहुंचने का स्वागत किया है, साथ ही केंद्र सरकार से कई सवाल भी पूछे है।

डॉ. उरांव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को यह बताना चाहिए कि 526 करोड़ रुपये के एक राफेल की कीमत 1679 करोड़ क्यों होगी। जबकि 126 राफेल की जगह 36 राफेल ही क्यों लाया गया और वह भी देश में निर्मित की जगह विदेश से क्यों लाया गया है। उन्होंने कहा कि आज देश का हर नागरिक यह जानना चाहता है कि अचानक राफेल की कीमत इतनी क्यों बढ़ गयी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी बार बार प्रधानमंत्री से यह सवाल पूछ रहे हैं चीन हमारी सीमा के अंदर गलवान, पैंगाग प्रवेश किया हुआ है,यह सच्चाई उपग्रह की तस्वीरें,पूर्व सैन्यकर्मियों से हुई बातचीत बयां करती हैं।लेकिन प्रधानमंत्री अपनी व्यक्तिगत इमेज के चक्कर में मां भारती की सार्वभौमिकता को दांव पर लगा दिया है।

…तो आज स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती

देश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. उरांव ने कहा कि नमस्ते ट्रंप में व्यस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यदि देशव्यापी लॉकडाउन के पहले सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर ली होती, और अगर उनके सुझावों पर अमल किया होता तो आज स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती।

समय लेकर अगर लाकडाउन किया गया होता और प्रवासी मजदूरों को घर पहुंचने का वक्त दिया गया होता तो जो प्रवासी मजदूर संक्रमण लेकर झारखण्ड-बिहार जैसे प्रदेशों की स्थिति भयावह नहीं होती और मजदूरों को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ती।  प्रधानमंत्री अब मुख्यमंत्री से बात कर रहे है, जब देशभर में कोरोना संक्रमण का मामला करीब 15लाख तक पहुंच गया है, अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी है, करोड़ों लोग बेरोजगार हुए, उद्योग धंधे चौपट हो गये है।

नई शिक्षा नीति के संबंध में डॉ. उरांव ने कहा कि देश में सामाजिक समरसता और धर्मनिरपेक्षता की बुनियाद को बनाये रखा जाना चाहिए, अभी उन्हें नई शिक्षा नीति के प्रारूप की पूरी जानकारी नहीं है, पूरी तरह से देखने के बाद इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करना उचित होगा।