रांचीः राजद सुप्रीमो के 73वां जन्म दिन पर मिलने पहुंचे तेजस्वी

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपना 73वां जन्‍मदिन मना रहे हैं। रांची के रिम्‍स में अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे लालू से मिलने उनके छोटे बेटे तेजस्‍वी यादव पहुंचे हैं।

रांची पहुंचे तेजस्वी ने कहा कि राजद लालू का जन्‍मदिन गरीब सम्मान दिवस के रूप में मना रहा है। राजद प्रमुख व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद के गुरुवार को 73 साल के होने की खुशी में राष्‍ट्रीय जनता दल की ओर से हजारों गरीबों को भोजन कराया जा रहा है।

चारा घोटाले के चार मामलों में सजायाफ्ता लालू रिम्स में इलाजरत हैं, उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव रिम्स में केक काटकर पिता का जन्मदिन मनाएंगे। इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। इसे लेकर झारखंड राजद ने बड़े पैमाने पर तैयारी की है।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि जन्मदिन के अवसर पर तेजस्‍वी यादव 73 पाउंड का केक काटेंगे। 30 हजार रुपये में तैयार हुए इस केक का आर्डर एक सप्ताह पूर्व ही दे दिया गया था। लालू प्रसाद के जन्मदिन को लेकर राजद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।