रांचीः फोन पर बात करते हुए लालू प्रसाद तस्वीर हो रही वायरल

रिम्स के पेइंग वार्ड में इलाजरत चारा घोटाले के सजायाफ्ता लालू प्रसाद का दरबार रविवार को लगा। इसमें झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता शमशेर आलम समेत एक अन्य कांग्रेस नेता शरीक हुए। जेल मैनुअल के हिसाब से सिर्फ शनिवार को लालू से मुलाकात की जा सकती है।

मुलाकात के बाद शमशेर ने यह तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की, लेकिन जेल मैनुअल के उल्लंघन का ध्यान आते ही उन्होंने तस्वीर हटा ली। इस बारे में पूछने पर शमशेर ने कहा कि वह रिम्स में इलाजरत स्वास्थ्य मंत्री का हालचाल लेने गए थे। इस दौरान लालू प्रसाद भी पहुंच गए।

भाजपा ने इस मुलाकात को जेल मैनुअल का उल्लंघन बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा- लालू प्रसाद कैदी वार्ड से महागठबंधन की सरकार चला रहे हैं। और कहीं न कहीं जेल मैनुअल उल्लंघन लगातार हेमंत सरकार में हो रहा है।