साहिबगंजः अपराधियों के साथ मुठभेड़ में घायल एएसआई की हुई मौत

साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र अंतर्गत बोड बांध में अपराधियों के साथ मुठभेड़ में घायल बरहेट थाना के एएसआई चंद्राय सोरेन की रांची में इलाज के दौरान शनिवार की रात मौत हो गई।

27 जून को बोरियों के व्यवसाई अरुण शाह के अपहरण मामले में छापामारी करने गए थे। इसी दौरान अपराधियों के साथ मुठभेड़ में चंद्राय सोरेन को पेट में गोली लग गई थी। इसके बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से रांची लाकर मेडिका अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां चिकित्सकों के काफी प्रयास के बावजूद घायल एएसआई चंद्राय सोरेन को नहीं बचाया जा सका।

क्या है मामला

साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र के बोड़बांध के पास अपहरणकर्ताओं की तलाश में गई पुलिस की टीम पर 27 जून को हमला किया गया था। अपराधियों ने पुलिस पर छिपकर फायरिंग की थी। इस दौरान बरहेट थाना के एएसआई चंद्राय सोरेन को पेट में गोली लग गई थी।

 साथ में गए बरहेट थाना प्रभारी एचके पाठक को भी अपराधियों ने बंदूक की बट से सिर में मार कर घायल कर दिया था। 51 साल के एएसआई चंद्राय सोरेन को आनन-फानन में इलाज के लिए रांची लाया गया था। जहां शनिवार की रात उन्होंने अंतिम सांस ली।