रांची। कोरोना के खिलाफ जागरुकता फैलाने के साथ पुलिस ने किया डेढ़ लाख का फाइन

रांची। रांची में कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ़ रांची जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। बिना हेलमेट और बिना मास्क के गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस द्वारा नियमसंगत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जा रहा है। कोविड-19 के संक्रमण के रोकथाम और दिशानिर्देशों के उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर लगाम लगाने को लेकर उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन की द्वारा कार्रवाई करने का निदेश जारी किया गया था। जिसके आलोक में आज पहले दिन रांची ट्रैफिक पुलिस के चारों थाना के द्वारा अलग-अलग स्थानों पर मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया।

पहले दिन 301 लोगों का काटा गया चालान, कुल 150500 रुपए का कटा चालान

पहले दिन चलाए गए अभियान में राँची ट्रैफिक पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर कुल 301 लोगों का चालान काटा गया। जिसमें कुल ₹150500 रुपए की राशि का चालान जमा किया गया। पांडेमिक एक्ट एवं डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई में धारा 179 के तहत उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

1. यातायात थाना गोन्दा क्षेत्र में- 29
2. यातायात थाना जगन्नाथपुर क्षेत्र में- 40
3. यातायात थाना चुटिया क्षेत्र में- 64
4. यातायात थाना लालपुर क्षेत्र में- 168,
लोगों का चालान काटा गया।

गौरतलब है कि कोरोना की आशंका को देखते हुए बिना मास्क के घूमने वाले लोगों के लिए रांची शहर में कोविड-19 जांच के लिए बनाए गए स्टैटिक टेस्टिंग सेंटर के अलावा दो और टेस्टिंग सेंटर बनाए जाएंगे। ये सेंटर सैनिक मार्केट रांची और जिला स्कूल शहीद चौक रांची में बनाए जाएंगे। बिना मास्क के घूमने वाले लोगों की इन टेस्टिंग सेंटरों में जांच की जाएगी और इसके बाद उन्हें कोविड केयर सेंटर भेजा जाएगा। इसके अलावा मोबाइल टेस्टिंग वैन के माध्यम से भी बिना मास्क के घूमने वाले लोगों की जांच की जाएगी।

इसके अतिरिक्त दुकानों- प्रतिष्ठानों में कोविड-19 के संक्रमण के रोकथाम के लिए जारी दिशा निर्देशों के अनुपालन की जांच लिए आने वाले दिनों में अभियान चलाया जाएगा। दुकान/प्रतिष्ठान के स्टाफ, सपोर्टिंग स्टाफ कस्टमर सभी को दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हुए डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त रांची ने सभी शॉप ओनर से अपील की है कि वह दिशा निर्देशों के अनुपालन को लेकर एहतियात बरतें।