रांची। व्यापारी से अपराधियों ने लूटे सवा करोड़, जिम्मेदार कौन ?

रांची। सोमवार को सुबह-सुबह राजधानी रांची में एक व्यापारी से सवा करोड़ की रकम की लूट की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। माना जा रहा है कि झारखंड के व्यापारियों की लापरवाही से राज्य में अपराधियों का बोलबाला बढ़ता जा रहा है। हर बार राज्य की पुलिस इस बात का जिक्र करती है कि अगर कोई व्यापारी बड़ी रकम या बड़ी राशि के सामानों को लेकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाना हो या आना हो तो स्थानीय पुलिस का सहयोग लिया जा सकता है। लेकिन व्यापारियों के नहीं चेतने के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है।

सोमवार को सुबह-सुबह जैसे ही सवा करोड़ रुपए लेकर अपनी कार में सवार होने के लिए निकलने के दौरान अपराधियों उससे सवा करोड़ रुपए लूट लिये । इसके पहले हरमू के सहजानंद चौक के पास से भी अपराधियों ने एक बड़ी रकम के साथ साथ जेवर की लूट को अंजाम दिया था। दोनों ही मामलों में व्यापारियों की लापरवाही सामने दिखाई पड़ रही है। दोनों ने ना तो पुलिस को पहले किसी तरह की जानकारी दी थी, ना ही इतनी बड़ी रकम ले जाने के लिए किसी तरह की सुरक्षा की व्यवस्था की थी। नतीजा सामने है कि अपराधी लगातार इस तरह की बड़ी घटना को अंजाम देने में कारगर होते जा रहे हैं।

हालांकि पुलिस की तरफ से लूट की घटना में शामिल अपराधियों की धर-पकड़ के लिए तेजी से कार्रवाई शुरु कर दी गई है। राज्य के सभी इलाकों में इसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है। कई इलाकों में छापेमारी भी की जा रही है। हरमू की घटना में भी शामिल अपराधियों को पुलिस से एक हफ्ते के अंदर ही धर दबोचा है।

यह घटना राजधानी के जगन्नाथपुर इलाके में सोमवार की सुबह हुई । जहां तीन की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने हथियार के बल पर कारोबारी से 1.25 करोड़ रूपया लूट कर फरार हो गए. कारोबारी के द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर वरीय पुलिस अधिकारी पहुंच कर मामले की छानबीन में जुटे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार निकेश मिश्रा नाम के कारोबारी अपने तीन अन्य साथियों के साथ कार में सवार होकर जगन्नाथपुर की तरफ से जा रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर कार को रोककर लूट की घटना को अंजाम दिया है बताया जा रहा है कि कारोबारी निकेश मिश्रा खूंटी के रहने वाले हैं उनका रांची और खूंटी में कारोबार है।

लेकिन बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि व्यापारी इतनी बड़ी रकम  बिना किसी सुरक्षा के कैसे ले जा सकते हैं। क्या इस तरह के लेन-देन में पहले से सुरक्षा के ठोस कदम नहीं उठाए जा सकते हैं। जिससे घटनाओं पर रोक लग सके और अपराधियों का मनोबल बढ़ ना सके।