जमशेदपुर: फिर इंसानियत हुई शर्मसार, दोहराया गया निर्भया के दर्द का खौफनाक मंजर

जमशेदपुर में दिल्ली की निर्भया कांड से भी जघन्य दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. जहां एक 16 साल की मासूम के साथ रातभर चार हैवान दरिंदों ने हैवानियत का घिनौना खेल खेलते हुए जमशेदपुर के माथे पर एक बदनुमा दाग लगा दिया है.

फिलहाल युवती को पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में बरामद कर लिया है और उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

उधर मामले की सूचना मिलते ही जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय देर रात बिरसा नगर थाना पहुंचे. जहां उन्होंने इसे एक जघन्य अपराध बताते हुए आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाए जाने की बात कही है.

सरयू राय ने इस घटनाक्रम की तुलना दिल्ली के निर्भया कांड से करते हुए आरोपियों को उसी तर्ज पर फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है. वैसे सरयू राय ने जमशेदपुर पुलिस प्रशासन पर भरोसा जताते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की बात कही है.

हालांकि बिरसा नगर थाना पुलिस ने मामले से जुड़े दो दरिंदों को गिरफ्तार कर लिया है. बाकी की तलाश किए जाने की बात कही है. बताया जाता है कि बिरसानगर जोन नम्बर 2 “ए” की युवती कल दोपहर अपने नानी के घर गोविंदपुर के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने युवती को ढूंढना शुरू किया.

नहीं मिलने पर बिरसानगर थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया, जिसके बाद बिरसानगर थाना पुलिस द्वारा टीम गठित कर युवती की तलाश शुरू कर दी गई.

बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि सबसे पहले शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया गया, जिसकी निशानदेही पर युवती को गोविंदपुर थाना अंतर्गत थीम पार्क के डैम के समीप खैरबनी रेलवे फाटक के पास से बरामद किया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. वैसे इस घटना के बाद हर कोई सन्न है.