चांडिल : थाना प्रभारी पर लगा फोन पर अश्लील बातें करने का आरोप, जानिये क्या है मामला
- By admin --
- 22 Jul 2020 --
- comments are disable
चांडिल की एक युवती ने चांडिल थाना प्रभारी मनोज कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके भाई विक्की गोस्वामी को 6 दिन से बिना वजह पुलिस हिरासत में रखा गया है, तथा व्हाट्सअप कॉल के माध्यम से उसके साथ आपत्तिजनक बातें की जा रही है।
इन सबसे परेशान होकर युवती ने रविवार शाम फिनायल पी कर जान देने की कोशिश की। आत्महत्या की कोशिश के बाद परिजनों द्वारा उसे एमजीएम हॉस्पिटल ले जाया गया । पूछताछ से मिली जानकारी के अनुसार युवती का आरोप यह है कि थाने में बंद भाई से किसी गिरोह के बारे पूछा जा रहा है, तथा उसे प्रताड़ित किया जा रहा है ।
उसने बताया कि 3 दिन पहले उसे थाना प्रभारी मनोज कुमार ने व्हाट्सअप कॉल कर उसके साथ अश्लील बातें की थी , कुछ बातें तो ऐसी भी हैं, जो बताई नहीं जा सकती। साथ ही युवती ने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने उसे धमकी दी थी कि यदि बात ना मानी गयी, तो पूरे परिवार पर आफत आ सकती है।
उसने बताया कि चार दिन पहले उसके साथ व्हाट्सअप कॉल कर 54 मिनट तक बात की गई । इतना ही नहीं, तीन दिन पहले उसके घर थाना प्रभारी के कहने पर पुलिस भी आईं थी। उसने छापेमारी के बाद जाते समय भी अपने साथ गलत बात करने का आरोप पुलिस कर्मियों पर लगाया।
यह सब वो बर्दाश्त करती रही, यह सोचकर कि उसके भाई को पुलिस छोड़ देगी, पर ऐसा न होने पर रविवार की शाम उसने फिनायल पी कर जान देने की कोशिश की। मामले की पूरी जांच के लिए एसडीएम ने आदेश दे दिया है ।