न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची महिला, सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप; आरोपी गिरफ्तार

न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची महिला, सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप; आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला ने आरोप लगाया है कि वहां तैनात एक आरक्षी ने मदद करने के बहाने उसे कमरे में ले जाकर जबरन दुष्कर्म किया। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने गम्हरिया थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

इस मामले में आरोपी आरक्षी नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी महिला

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता गुरुवार को पारिवारिक विवाद से परेशान होकर शिकायत दर्ज कराने गम्हरिया थाना पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान थाने में तैनात आरक्षी नीरज लकड़ा ने मदद करने के बहाने उसे थाना परिसर के एक कमरे में बुलाया। महिला का आरोप है कि वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

एसपी के निर्देश पर SIT गठित, घटनास्थल का कमरा सील

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने विशेष जांच दल गठित करने का निर्देश दिया। सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में SIT मामले की जांच कर रही है।

एसडीपीओ पुलिस बल के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कथित घटना से जुड़े कमरे को सील कर दिया है। जांच दल की ओर से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित

इस मामले में कर्तव्य के प्रति लापरवाही और गंभीर चूक के आरोप में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय शामिल हैं।

वहीं, मुख्य आरोपी आरक्षी नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

एसडीपीओ ने कहा, जांच में दोषी पाए जाने वालों पर होगी कार्रवाई

एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी के खिलाफ ठोस साक्ष्य जुटा रही है।

फिलहाल SIT मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पीड़िता के बयान, मेडिकल जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का प्रदेशव्यापी अभियान, 2 से 5 नवंबर तक इन जिलों में पदयात्रा