रांची: टेस्टिंग लैब को हिदायत, बिना एसआरएफ आईडी दिए जारी न करें रिपोर्ट
- By admin --
- 12 Aug 2020 --
- comments are disable
बिना एसआरएफ आईडी लिए लैब में कोविड 19 सैंपल जमा न कराएं
रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने सभी रांचीवासियों से अपील की है कि बिना एसआरएफ आईडी लिए कोविड 19 सैंपल जमा न करें। इसके साथ ही उन्होंने सभी लैब संचालकों से भी अपील की है कि एसआरएफ आईडी जारी किए बिना किसी भी व्यक्ति का ना सैंपल लिया जाए ना ही उनका कोविड टेस्ट रिपोर्ट जारी किया जाए।
आमज़नों से अपील अपने साथ रखें अपनी एसआरएफ आईडी
उपायुक्त छवि रंजन ने आमजनों से अपील करते हुए कहा है कि जब भी आप कोविड टेस्ट के लिए किसी लैब में पहुंचें तो सैंपल देते समय अपनी एसआरएफ आईडी की जांच अवश्य कर लें। बिना एसआरएफ आईडी लिए लैब छोड़ कर न जाएं।
अगर किसी लैब में बिना एसआरएफ आईडी दिए आपको सैंपल देने के लिए बाध्य किया जाता है तो इसकी जानकारी तुरंत ही जिला प्रशासन को दें।
उपायुक्त छवि रंजन ने रांची के सभी लैब संचालकों (जहां कोविड टेस्ट किया जाता हो) को भी नसीहत दी है कि अगर कोई व्यक्ति आपके लैब पर जांच कराने के लिए पहुंचता है तो उक्त व्यक्ति से संबंधित जानकारी आरटीपीसीआर एप पर अपडेट करते हुए तुरंत ही एसआरएफ आईडी जेनरेट करवा कर उपलब्ध करवाएं।
अगर किसी भी जगह से ऐसी जानकारी-शिकायत मिलती है कि एसआरएफ आईडी बताए बिना कोविड टेस्ट रिपोर्ट जारी किया गया है तो संबंधित लैब के खिलाफ पैंडेमिक एक्ट एवं आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।