रांची। लॉकडाउन में नई दिल्ली स्टेशन से चलकर रांची पहुंची राजधानी एक्सप्रेस, यात्रियों में झलकी खुशी

रांची। लॉकडाउन के दौरान नई दिल्ली स्टेशन से चलकर राजधानी एक्सप्रेस गुरुवार सुबह 10 बजे रांची स्टेशन पहुंची। स्टेशन पर उतरते ही यात्रियों के चेहरे पर खुशी की झलक दिखी। सभी यात्रियों को सोशल डिस्टेंस का पालन कराकर प्लेटफॉर्म से बाहर निकला गया।

इसके बाद एक-एक यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग की गई। उसके बाद सभी को सैनिटाइज्ड वाहनों से उनके घर भेजा गया। यात्रियों के लिए प्रशासन की ओर से  कैब और बसें उपलब्ध करायी गई है। वहीं, आज शाम रांची से दिल्ली के लिए खुलने वाली राजधानी एक्सप्रेस के यात्रियों को तीन घंटा पहले स्टेशन पहुंचना होगा, जिससे उनकी सही तरीके से मेडिकल जांच हो सके।

कई जिलों का नहीं मिली वाहन

स्टेशन से घर जाने में यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि प्रशासन ने जाने के लिए बस और कैब की व्यवस्था की थी लेकिन हर जिले में जाने के लिए गाड़ियां नहीं मिली। यात्रियों ने प्राइवेट वाहन चालकों से बात की तो उन्होंने 14 रुपए प्रति किलोमीटर के हिसाब से छोड़ने की बात कही। ऐसे में कई लोग ऐसे थे पूरे जिले में से एक थे और उन्हें घर तक पहुंचने में काफी रुपए खर्च करने पड़ते। इसके बाद कुछ यात्री स्टेशन के बाहर ही इधर-उधर घूमते दिखे। कुछ पुलिसकर्मियों से जानकारी लेते दिखे।

यात्री बेहद खुश नजर आए

स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों ने ट्रेन शुरू करने के लिए केंद्र सरकार को धन्यवाद दिया। लॉकडाउन में 52 दिन बाद झारखंड आने पर यात्री बेहद खुश नजर आए। गुरुवार को दिल्ली से आए यात्रियों को एक-एक कर कोच से उतरने के बाद प्लेटफार्म पर बने चिह्न पर खड़ा हाेना पड़ा। उनकी थर्मल स्कैनिंग हुई।

निजी वाहन से आएंगे सफर पर जाने वाले

वहीं, रांची से दिल्ली जाने वाले यात्री निजी वाहन से स्टेशन पहुंचेंगे। स्टेशन के कार पार्किंग में वाहन से उतरने के बाद वे अपने सामान के साथ स्टेशन के सामने बने पार्किंग क्षेत्र में बने घेरे में खड़े हो जाएंगे। मास्क पहनना अनिवार्य होगा। उन्हें संबंधित कोच के सामने बनी मार्किंग में खड़ा किया जाएगा। इसके बाद सीट नंबर के अनुसार उन्हें ट्रेन में जाने दिया जाएगा। चादर-कंबल खुद लाना होगा। पैंट्रीकार नहीं रहेगी।