रांची। जेपीएससी-6 के रिजल्ट में एक संशोधन हो चुका…अब दो और की भी तैयारी
- By admin --
- 08 May 2020 --
- comments are disable
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी-6) सिविल सेवा परीक्षा के नतीजे 21 अप्रैल को घोषित किए गए। वहीं कट ऑफ मार्क्स 29 अप्रैल को जारी किया गया। इसके बाद रिजल्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीसी-वन कैटेगरी में जेपीएससी ने गलती मानते पहले जारी कट ऑफ मार्क्स में बदलाव कर चुका है।
इसी प्रकार आरक्षित कैटेगरी के सफल अभ्यर्थियों के सेवा वितरण में मेरिट की अनदेखी का मामला प्रकाश में आ चुका है। इस संबंध में कई अभ्यर्थियों ने जेपीएससी को आवेदन देकर त्रुटियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है। सेवा वितरण मामले में भी आयोग ने संशोधन की तैयारी शुरू कर दी है। इसके अलावा मुख्य परीक्षा के पेपर-वन हिंदी-अंग्रेजी का अंक मेरिट में जोड़े जाने का भी अभ्यर्थी विरोध कर रहे हैं।
इनका कहना है कि छठी सिविल सेवा के सिलेबस के अनुसार हिंदी और अंग्रेजी पेपर क्वालिफाईंग पेपर है। इसलिए इस पेपर का अंक मेरिट में जोड़ा जाना नियम संगत नहीं है। बताते चलें कि शीघ्र जेपीएससी कार्यालय में आयोग की बैठक होगी, जिसमें अभ्यर्थियों द्वारा आकृष्ट कराए गए सभी बिंदुओं की समीक्षा के बाद समुचित निर्णय लिया जाएगा।