रांची। प्रेस क्लब की सार्थक पहल, पत्रकारों का निःशुल्क ईलाज

बन्ना गुप्ता ने किया उद्घाटन, कहा- मृतक पत्रकारों के परिजनों पर विचार

रांची। रांची प्रेस क्लब में बने बिरसा मुंडा कोविड केयर मल्टीफैस्लिटी हॉस्पिटल का उदघाटन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने फीता काट कर किया। उन्होंने दिवंगत पत्रकार व रांची प्रेस क्लब के कार्यकारिणी सदस्य सुनील कुमार सिंह के नाम पर बने एक वार्ड का भी उदघाटन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के बीच कार्य करने वाले मीडियाकर्मी भी फ्रंट लाइनर्स बनकर सहयोग कर रहे है। ऐसे में उनकी सुरक्षा भी आवश्यक है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से मीडियाकर्मियों को वैक्सीनेशन का आदेश जारी किया गया है। मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि रांची प्रेस क्लब में कोविड सेंटर बनाना एक सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण हमने कई पत्रकार साथियों को खोया है, जिसका मुझे बहुत दुख है। राज्य सरकार मृतक पत्रकारों के परिवारों के साथ पूरी मानवीय संवेदना के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार मीडियाकर्मियों की संक्रमण से सुरक्षा और समस्याओं के प्रति गंभीर है। और सरकार की ओर से जो संभव होगा कदम उठाएं जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने प्रेस क्लब के ग्राउंड फ्लोर में बनाए गए कोविड सेंटर का निरीक्षण किया।

 

प्रेस क्लब के सचिव अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि रांची प्रेस क्लब झारखंड का पहला ऐसा संस्थान होगा जहॉ मीडियाकर्मियों के लिए कोविड अस्पताल बनाया गया है। 40 बेडों वाला इस कोविड अस्पताल में  मीडियाकर्मियों के लिए कुछ बेड की अलग से व्यवस्था की गई है। मिशन ब्लू फाउंडेशन के अध्यक्ष पंकज सोनी ने बताया कि इस कोविड सेंटर में मीडियाकर्मियों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। जबकि आम लोगों का इलाज लागत खर्च पर होगा। यह हॉस्पिटल मिशन ब्लू फाउंडेशन और कमलभद्र फैसिलिटी के द्वारा संचालित की जा रही है l जबकि संक्रमित मीडिया कर्मियों और उनके परिजनों के इलाज के लिए दवाइयां और ऑक्सीजन रिफिलिंग का सहयोग न्यूज-11 भारत की ओर से किया जा रहा है। इस अस्पताल में  एम्बुलेंस सहित सभी आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगा।  अस्पताल में विशेषज्ञ डाक्टरों और करीब 50 पारा मेडिकल स्टाफ की टीम 24 घंटे सेवा देंगे।