गुमला। हगरी नाला से मिला सिर कटा शव, जांच में जुटी पुलिस

गुमला।  जारी थाना क्षेत्र के सीकरी पंचायत के डाडटोली गांव निवासी 40 वर्षीय बिरसा उरांव का शव तीन दिन बाद कोमडो गांव के गेंदाडाड के पास हगरी नाला से पुलिस ने बरामद किया है। मृतक के बेटे ने बताया कि उसने थाना में पिता के लापता होने के संबंध में मामला दर्ज कराया था। उधर, शव के बरामद होने के बाद पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है। फिलहाल, मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पायी है।

शराब पीने कोमडो गांव गया था मृतक

जानकारी के अनुसार, बिरसा उरांव सोमवार शाम को शराब पीने कोमडो गांव गया जहां उसे डांटटोली व कोमडो गांव के कुछ लोगों ने रात 11:00 बजे तक देखा था। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार को बिरसाय उरांव की खोजबीन की गई लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद मृतक के पुत्र अनिल उरांव ने बुधवार को जारी थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया।

शराब नहीं पीने का लगी थी डांट

मृतक के पुत्र ने पुलिस को बताया कि उसे सूचना मिली था कि उसके पिता शराब पीने गए हैं। फिर वो मौके पर पहुंचा था और पिता को शराब न पीने की बात कह डांट लगायी थी। फिर वह घर लौट गया। तीन दिन तक काफी खोजने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार को जारी थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार शर्मा कोमडो व डाडटोली गांव पहुंच कर ग्रामीणों से पूछताछ की। शाम सात बजे किसी के गर्दन कटे शव की सूचना पुलिस को मिली।

शव का सिर गायब

थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। उन्होंने बताया कि शव से सिर गायब था। खोजबीन के क्रम में जहां शव मिला था, वहां से आधा किलोमीटर दूर सिर बरामद किया गया। मृतक की पहचान बिरसा उरांव के रूप में की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की  गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।