अहमदाबाद के कोरोना अस्पताल में आग लगने से 8 कोरोना मरीज़ों की मौत

गुजरात के अहमदाबाद शहर में कोरोना मरीज़ों के लिए निर्धारित एक अस्पताल में आग लगने की एक घटना में 8 मरीज़ों की मौत हो गई है. मारे गए मरीज़ों में तीन महिलाएँ थीं.

अहमदाहबाद के अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेश भट्ट ने बीबीसी को बताया कि शहर के नवरंगपुरा इलाक़े में स्थित श्रेय अस्पताल में तड़के तीन बजे आग लग गई. अधिकारी ने बताया कि आग अस्पताल के कर्मचारी पीपीई किट पहनकर काम कर रहे थे जब शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई.

आग पर एक घंटे में क़ाबू पा लिया गया मगर अफ़रातफ़री की वजह से 8 मरीज़ों की मौत हो गई. राजेश भट्ट ने बताया कि आग लगने के बाद अस्पताल के 40 मरीज़ों को एसपीवी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है. सभी मरीज़ कोरोना पॉज़िटिव थे.

नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है. इसके साथ प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने इस घटना को लेकर गुजरात के सीएम विजय रूपाणी और अहमदाबाद के मेयर से बात की है. पीएम ने आश्वासन दिया प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है.