रांची : पुलिस हेडक्वार्टर में एक साथ 22 कोरोना संक्रमित मरीज़ों की पुष्टि, मचा हड़कंप

झारखंड के पुलिस हेडक्वार्टर में एक साथ 22 कोरोना संक्रमित मरीज़ों की पुष्टि के बाद हड़कंप मच गया है। पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित 27 पुलिसकर्मियों के सैंपल लिए गए थे, उसमें से 22 की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है।

पूरे झारखंड में अबतक 250 से ज्यादा पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। लोगों के लगातार संपर्क में रहने की वजह से ज्यादातर लोग कोरोना की जद में आये हैं । कोरोना संक्रमितों में सबसे ज्यादा ड्राइवर संक्रमित हुए हैं। डीएसपी से लेकर आरक्षी तक कोरोना संक्रमित हुए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिसकर्मियों के लगातार संक्रमित होने पर कहा कि सरकार की इस पर नज़र है। कोरोना की जांच को बढ़ाया गया था। इसलिए ज्यादा संक्रमित लोग निकल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बढ़ते संक्रमण की वजह से दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों पर रोक लगायी गयी।

सचिवालय में भी कोरोना संक्रमण ने दे दी है दस्तक

कोरोना वायरस का संक्रमण राज्य सचिवालय तक पहुंच गया है। प्रोजेक्ट भवन स्थित राज्य नागरिक प्रशासन, नगर विकास विभाग के सचिव के सेल को सील कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के एक विशेषज्ञ में कोरोना संक्रमण मिला था। ऐसे में कार्यालय को सील कर दिया गया है। ऐहतियातन सूडा और डीएमए कार्यालय को भी सील किया गया है।

गुरुवार को राज्य सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के पंचायती राज प्रभाग के कार्यालय को सील कर दिया गया था। एक कर्मी के संक्रमित पाए जाने के बाद कार्यालय को पूरी तरह बंद करते हुए आदेश दिया गया था कि सभी कार्यों का संपादन अपने घर से करें व मोबाइल पर उपलब्ध रहें। कार्यालय अब सीधे 20 जुलाई को खुलेगा।