रांचीः कोरोना संक्रमित 56 नये मामले मिले, संख्या बढ़कर 731 हुई
- By admin --
- 03 Jun 2020 --
- comments are disable
झारखंड में मंगलवार को कोरोना संक्रमण के 56 नये मामले सामने आये, इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 731 हो गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 200 पहुंचने में डेढ़ महीने का समय लगा, लेकिन 200 से 700 का आंकड़ा पहुंचने में मात्र 17 दिनों का समय लगा और अब रांची का हिन्दपीढ़ी ही नहीं, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, गढ़वा, हजारीबाग और रामगढ़ जिला भी हॉटस्पॉट के रूप में बनकर सामने आया है।
मंगलवार को अकेले रामगढ़ से 20 मामले सामने आये हैं। इसके अलावा धनबाद से 17, रांची से 06, जमशेदपुर से 05, हजारीबाग से 04, गढ़वा से 01, सरायकेला से 01, बोकारो से 01 और पलामू से 01 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले।
रांची के 6 में से 4 मरीज रिम्स के हैं। बताया गया है कि रिम्स में मिले 4 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में पहला रिम्स के डॉक्टर हैं, दूसरी कोविड वार्ड में ड्यूटी कर रही नर्स, तीसरा संक्रमित हड्डी रोग विभाग का एक मरीज है, और चौथा कोरोना पॉजिटिव ट्रामा सेंटर में भर्ती संदिग्ध है.।
वहीं जमशेदपुर से मिले 5 मरीज में एक व्यक्ति मूल रूप से सीवान का रहने वाला है और चौका में दुर्घटनाग्रस्त होने पर 25-26 मई को टीएमएच लाया गया था. जांच के लिए उसका सैंपल लिया गया था, जिसका रिपोर्ट पॉजिटिव आया है। वहीं 2 बहरागोडा, 1 गुडाबांदा, 1 बिष्टुपुर के मरीज हैं। इनमें से 1 पॉजिटिव मरीज टाटा का कर्मचारी है। इन 5 संक्रमितों के साथ जमशेदपुर में कुल 119 कोरोना पॉजिटिव मामले हो गये हैं।