रांची। टॉर्च की रोशनी से भड़क हाथी,एक की ली जान

रांची। सिकदरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक हाथी ने खेत जा रहे युवक को पटक-पटक कर मार डाला। जानकारी के मुताबिक हाथी टॉर्च की रोशनी से भड़क गया। युवक अपने दो साथियों के साथ धान की तैयार फसल की रखवाली करने के लिए खेत जा रहा था, इसी दौरान यह हादसा हुआ। साथ जा रहे दो युवकों ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई।

50 हजार रुपए का मुआवजा

घटना सिंगारी-कुचु मार्ग की है। इस दौरान हाथियों ने कई आम के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचाया। मृतक की पहचान सागर रजवार (23) के रूप में की गई। घटना की सूचना के बाद वन विभाग की ओर से फिलहाल 50 हजार रुपए का मुआवजा मृतक के परिजनों को सौंपा गया। सागर अपने दो साथियों के साथ हाथ में टॉर्च लेकर खेत की ओर जा रहा था।

अचानक सामने आया हाथी

खेत में पेड़ पर बने मचान में वो रोज सोया करता था और धान की रखवाली करता था। पर शुक्रवार की रात सिंगारी-कुचु मार्ग में तीन हाथी इनके सामने आ गए। सागर के हाथ में टॉर्च था और रोशनी देख एक हाथी भड़क गया। उसने सागर को सूंड़ से उठाकर पटक दिया। मौके पर ही सागर ने दम तोड़ दिया। जबकि उसके अन्य दो साथियों ने भागकर जान बचाई