रांची। कंटेनमेंट जोन और माइक्रो कंटेनमेंट जोन में प्रवेश वर्जित- राय महिमापत रे

रांची। कंटेनमेंट जोन और माइक्रो कंटेनमेंट जोन में कोई भी पास की वैधता नहीं होगी। कोई भी व्यक्ति न तो कंटेनमेंट जोन और माइक्रो कंटेनमेंट जोन में प्रवेश कर सकते हैं और न ही वह उस क्षेत्र से निकल सकते हैं। इस नियम के मद्देनजर रांची जिला के सभी कन्टेनमेंट जोन और माइक्रो कन्टेनमेंट जोन में कोई भी ऑनलाइन पास की वैधता नहीं है।

कोरोना रोकथाम के लिए टीम गठित

वहीं, हिंदपीढ़ी में नए मजिस्ट्रेटों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। नए प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट ने कार्य भी शुरू कर दिया। मालूम हो कि इससे पूर्व यहां कार्यरत करीब डेढ़ सौ पुलिसकर्मियों और वॉलिंटियर्स को चेंज किया गया था। यह जानकारी डीसी राय महिमापत रे ने दी। डीसी ने समाहरणालय सभागार में आयोजित कोरोना रोकथाम के लिए गठित विभिन्न टास्क फोर्स तथा कोषांग की बैठक की।

 बैठक में जानकारी दी गई कि सीएम राशन के वितरण का कार्य शुरू किया जाएगा। आवश्यकतानुसार किट की पैकिंग कर जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा। इस बैठक में एसएसपी , उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्ता,  एडीएम लॉ एंड आर्डर, एडीएम नक्सल, अनुमंडल पदाधिकारी रांची, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू समेत वरीय एवं नोडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

व्यक्ति की सूची होगी तैयार

ऐसे व्यक्ति जिन्हें रांची जिला से बाहर के जिला या किसी अन्य राज्य में भेजा जाना है। उनकी सूची तैयार कर  जिला भू अर्जन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करेंगे। उन लोगों को भेजने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी पर्याप्त संख्या में गाड़ियों की व्यवस्था करेंगे।

रेड जोन से आने वाले व्यक्ति के स्वाबिंग की होगी जांच

रांची जिला में प्रवेश करने वाले बाहरी जिला एवं अन्य राज्य  से आने वाले लोगों के लिए कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करना अनिवार्य होगा। जो लोग रांची जिला में रेड जोन से आने वाले हैं, उनकी स्वाबिंग की जानी अनिवार्य होगी।

 स्वाबिंग के पश्चात उन्हें क्वारैंटाइन किया जाएगा। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी कोविड-19 के प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन करना सुनिश्चित करेंगे। अन्य प्रदेशों के रेड जोन से ट्रेन से आनेवाले सभी लोगों को क्वारैंटाइन किया जाएगा। ग्रीन जोन और ऑरेंज जोन से आने वाले लोगों को शेल्टर होम में रखा जाएगा। अपर समाहर्ता, जिला मत्स्य पदाधिकारी और जिला कल्याण पदाधिकारी इस कार्य के सफल संचालन का निर्वहन करेंगे।