गढ़वा: झारखंड में भी टिड्डी दल कर सकते हैं हमला
- By admin --
- 30 May 2020 --
- comments are disable
गढ़वा: देश के कई राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश व हरियाणा में टिड्डी दलों के हमले के बाद झारखंड के गढ़वा जिले में इसके प्रवेश की संभावना जतायी जा रही है।
इसे लेकर गढ़वा जिले के कई प्रखंडों को अलर्ट किया गया है। अनुमण्डल क्षेत्र में टिड्डी दल पहुंचने से पहले अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा है कि अनुमंडल क्षेत्र में टिड्डी दल कभी भी प्रवेश कर सकता है। ऐसे में फसलों की सुरक्षा को लेकर एहतियात बरतने की जरूरत है उन्होंने फसलों को टिड्डी के प्रभाव से बचाने के लिए स्प्रे और कीटनाशक दवाओं का पर्याप्त मात्रा में छिड़काव कराने का निर्देश दिया है।
टिड्डी दल अन्य क्षेत्रों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अनुमंडल में भी इसकी आशंका को देखते हुए कृषि विभाग के जिम्मेवार लोगों को इस संबंध में पूरी जानकारी देकर किसानों को जागरूक करने का कार्य किया जायेगा।
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि टिड्डी के प्रभाव से फसलों को बचाने के लिए किसान स्वयं स्प्रे व कीटनाशक दवा का फसलों पर छिड़काव करें। दवाओं का छिड़काव करायें। किसानों को भी अपनी फसल के बचाव को लेकर जागरूक करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
एसडीओ ने किसानों से एक साथ इकट्ठा होकर टीन के डिब्बे या थाली बजाने, मिट्टी वाले क्षेत्रों में खेतों में जलभराव अथवा धुंआ करने, मैलाथियान, फिप्रोनिल, इमिडा क्लोरपीड, क्यूनालफास या क्लोरपाइरीफास में से किसी एक दवा का विशेषज्ञों से जानकारी लेकर छिड़काव कराने की अपील की है।