खूंटी: गिरे बिजली के तार को हटाने का किया प्रयास, करंट से झुलस कर हो गयी मौत

खूंटी जिला अड़की प्रखंड के सरगेया पंचायत के कोटा गांव में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बिजली करंट लगने से अड़की थाना क्षेत्र के सरगेया पंचायत के कोटा गांव के दुर्योधन सिंह मुंडा की करंट लगने से मौत हो गयी।

जानकारी के अनुसार कोटा गांव में खेत के बीच से होकर ग्यारह हजार वोल्ट का तार तीन चार दिनों से गिरा हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार तीन चार दिनों से खेत मे गिरे तार में करंट नहीं था।

इसी बीच दुर्योधन सिंह मुंडा तार को किनारे हटाने का प्रयास किया, लेकिन गिरे तार में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और दुर्योधन करंट की चपेट में आ गया।

ग्रामीणों ने हादसे को बिजली विभाग की लापरवाही बताया

आनन फानन में बुंडू नजदीक होने के कारण बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने दुर्योधन को मृत घोषित कर दिया। मौके पर बुंडू थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में कर मृतक दुर्योधन सिंह मुंडा का शव पोस्टमॉर्टम के लिए रांची रिम्स भेज गया।

मामला खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र का है, लेकिन अड़की थाना से अधिक दूरी होने के कारण बुंडू अस्पताल ले जाया गया । स्थानीय ग्रामीणों ने हादसे को बिजली विभाग की लापरवाही बताया है।