रांचीः अतनु दास के साथ विवाह बंधन में बंधेगी दीपिका,तैयारी पूरी

अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज दीपिका कुमारी आज शाम को अपने साथी खिलाड़ी और कोलकाता के रहने वाले अतनु दास के साथ विवाह बंधन में हमेशा के लिए बंध जाएगी।

शादी के मौके पर दीपिका के परिजन भी पहुंच चुके है और द्वार पर शहनाइयां बज रही है। कोलकाता से एक दर्जन से कम बराती के साथ अतनु दास सड़क मार्ग से रांची पहुंच चुके है और 30 जून को रांची के मोरहाबादी स्थित वृंदावन बैंक्वेट हॉल में शादी हो रही है।

बैंक्विट हॉल को बेहतरीन तरीके से सजाया गया है और लाइटिंग के अलावे मुख्य शादी समारोह स्थल को वाटरप्रूफ तरीके से तैयार किया गया है।कोरोना संकट काल में होने वाली हाईप्रोफाइल शादी में दीपिका की ओर से कुछ गिने-चुने अतिथियों को ही आमंत्रित किया गया है।

जिसमें राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, उनकी पत्नी मीरा मुंडा, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो शामिल है।