रांची : मेदांता में बाथरूम से गिर कर मरीज की मौत, 2 दिनों में 70000 का बिल थमाया
- By admin --
- 25 Aug 2020 --
- comments are disable
कोविड हेल्थ सेंटर अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीज़ों का हो रहा भारी आर्थित दोहन
कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण में राज्य के प्राइवेट अस्पतालों में मची लूट की खबरें लगातार सुनने को मिल रही है। राजधानी राँची सहित अन्य जिलों के डेडिकेटेड कोविड हेल्थ सेंटर अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीज़ों का भारी आर्थित दोहन किया जा रहा है ।
ताजा मामला राजधानी रांची के मेदांता हॉस्पिटल का है। जिसमें कोरोना संक्रमित मरीज को 2 दिनों पूर्व भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार मरीज की मृत्यु बाथरूम में गिर जाने के कारण हो गई। उनके चेहरे पर चोट के भी निशान थे । मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और 2 दिनों में 70000 का बिल बना कर परिजनों को सौंपने का लिखित शिकायत ओरमांझी थाना में दर्ज कराई है।
बिल का भुगतान करने का दबाव बनाया जा रहा-मृतक के परिजन
मृतक के परिजनों का साफ तौर पर कहना है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण मरीज की मौत हुई है। और तो और 2 दिनों में 70,000 का बने बिल का भुगतान करने का दबाव बनाया जा रहा है।
निजी अस्पतालों में कोरोना के इलाज के रेट का अविलम्ब निर्धारण करें-भाजपा
इस पूरे मामले पर प्रदेश भाजपा ने संज्ञान लेते हुए सरकार की कड़ी आलोचना की है। प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा, राज्य सरकार निजी अस्पतालों में कोरोना के इलाज के रेट का अविलम्ब निर्धारण करें नहीं तो भाजपा आंदोलन करने को मजबूर हो जाएगी। कुछ निजी अस्पताल प्रबंधन इस महामारी में भी जनता को लूट रहे हैं। और राज्य सरकार मूकदर्शक बनकर बैठी है।
कॉर्पोरेट हाउस की दादागिरी नहीं चलेगी-कांग्रेस
इस पर सत्ता दल में शामिल कांग्रेस का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है। झारखण्ड हो या देश का कोई कोना, कॉर्पोरेट हाउस की दादागिरी नहीं चलेगी। सरकार के संज्ञान में ये बाते आयी हुई है। प्रदेश कमेटी की मांग है कि प्राइवेट अस्पतालों पर अविलम्ब कठोर फैसले लिए जाएं ।