धनबादः प्राइवेट कर्मचारी को अपराधियों ने गोली मारकर लूटा

धनबादः प्राइवेट कर्मचारी को अपराधियों ने गोली मारकर लूटा

तोपचांची थाना क्षेत्र के कबीरडीह में सोमवार को बाइक सवार अपराधियों ने पेट्रोल पंप से रुपए लेकर जा रहे एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी को गोली मारकर घायल कर दिया और तकरीबन 17 लाख रुपए लूट ली।

लूट की रकम के बारे में फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

उधर, घायल कर्मचारी को पुलिस ने धनबाद के पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया है। रेडिएंट कंपनी का कर्मचारी सुनील रिलायंस पेट्रोल पंप से रकम लेकर बैंक में जमा करने के लिए बाइक से जा रहा था।

पेट्रोल पंप से निकलने के बाद पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने थोड़ी दूर तक सुनील का पीछा किया और फिर उसके पैर में गोली मार दी।

गोली लगने के बाद सुनील सड़क पर ही गिर गया। इसके बाद बाइक सवार अपराधियों ने रुपए से भरा बैग सुनील से छीन लिया और फरार हो गए। उधर, गोली चलने और सुनील के सड़क पर गिरने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तोपचांची पुलिस को घटना की सूचना दी।

फिलहाल, घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घायल का बयान लेने की तैयारी में है। उधर, सूचना के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है।