साहिबगंजः अपराधियों ने पुलिस टीम पर किया हमला,जानिए क्या है मामला
- By admin --
- 27 Jun 2020 --
- comments are disable
बरहेट थाना क्षेत्र के बोरबंध में शनिवार को अपहरण केस में अभियान चला रही पुलिस टीम पर अपराधियों ने हमला कर दिया। इस दौरान अपराधियों ने एएसआई को गोली मार दी जबकि बंदूक के बट से हमला कर बरहेट के थाना प्रभारी को भी घायल कर दिया।
घायल एएसआई को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। वहीं बरहेट थाना प्रभारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घायल एएसआई की पहचान चंद्राय सोरेन और बरहेट थाना प्रभारी की पहचान हरीश कुमार पाठक के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस बोरियो थाना क्षेत्र से पिछले दिनों ठेकेदार अरुण कुमार साह का अपहरण किया गया था। व्यापारी की बरामदगी के लिए पुलिस अभियान चला रही है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस डूबूबथान गांव से लौट रही थी।डूबूबथान मोड़ के पास अचानक अपराधियों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। इस दौरान अपराधियों ने फायरिंग कर दी जिससे एएसआई के पेट में गोली लग गई।
इसके बाद थाना प्रभारी गाड़ी से कूद कर अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया। अपराधियों और थाना प्रभारी के बीच हाथापाई हुई। इसी बीच अपराधियों ने बंदूक के बट से थाना प्रभारी के सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। उधर, पुलिस टीम पर हमला करने के बाद अपराधी गांव की तरफ भाग निकले। उधर, पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि अपराधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।