साहिबगंज। नाबालिग के साथ गैंगरेप,एक आरोपी गिरफ्तार,लोगों ने किया एनएच-80 जाम

साहिबगंज। राजमहल थाना क्षेत्र के नौगच्छी नवाबडेरी गांव में नाबालिग के साथ गैंगरेप के विरोध और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोशितों ने मंगलवार को एनएच-80 पर जाम लगा दिया। आक्रोशितों ने राजमहल-मंगलहाट मुख्य सड़क पर आगजनी भी की। फिलहाल, जाम और विरोध-प्रर्दशन की सूचना पर एसपी मौके पर पहुंचे हैं। आक्रोशितों को समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम हटा दिया गया। एसपी ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि सोमवार शाम नाबालिग के साथ तीन-चार युवकों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है।

तीन-चार युवकों ने गैंगरेप को दिया अंजाम

जानकारी के अनुसार, राजमहल थाना क्षेत्र के नौगच्छी नवाबडेरी गांव में सोमवार शाम करीब चार बजे नाबालिक के साथ गांव के ही दूसरे समुदाय के तीन-चार युवकों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित के पिता ने बताया कि वारदात की जानकारी उन्हें रात रात करीब 11 बजे नाबालिग की मां से मिली। नाबालिग ने परिजनों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उधर, गैंगरेप मामले में दोनों पक्ष सामने आए बोले आपसी भाईचारे एवं सौहार्द को बिगड़ने नहीं देंगे। दोनों पक्ष के लोगों ने घटना की निंदा करते हुए कहा है कि समाज में ऐसी घटना के लिए कोई जगह नहीं है तथा इसमें लिप्त आरोपीयों के लिए कोई हमारे दिलों में कोई सॉफ्ट कॉर्नर नहीं है। इन आरोपियों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए।

दोषियों पर होगी कार्रवाई

जाम की सूचना के बाद उपायुक्त बरुन रंजन, एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा, राजमहल के थाना प्रभारी चिरंजीव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौजूद हैं। उपायुक्त ने बताया कि घटना में शामिल जो भी लोग हैं उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि आपस में सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। किसी के बहकावे में ना आएं। कानून अपना काम बेहतर तरीके से कर रहा है और करेगा। उपायुक्त वरुण रंजन ने गांव के निरीक्षण के बाद बताया कि स्थिति अभी सामान्य है एवं गांव में  किसी भी प्रकार का तनाव नहीं है।

क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि पीड़ित के परिजनों से पुलिस को सूचना मिली थी। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। मामले के प्रकाश में आने के तत्काल बाद अनुमंडल पदाधिकारी, थाना प्रभारी ने संज्ञान लेते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी तथा अभियुक्त को चिन्हित कर लिया है। आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले समाज के लिए काफ़ी दुखद एवं पीड़ादायक हैं इसलिये ऐसी स्थिति में धैर्य बनाये रखने की आवश्यकता है।