रांची। ज्येष्ठ में सावन की मार, कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश
- By admin --
- 10 May 2020 --
- comments are disable
रांची। राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में रविवार दोपहर बाद मौसम बदला और तेज हवा व गरज के साथ बारिश हुई। रांची, धनबाद व जमशेदपुर के कई हिस्सों में हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। इधर, 8 मई से ज्येष्ठ माह की शुरुआत हो चुकी है। पर झारखंड के तकरीबन हर हिस्सें में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश ने लोगों को ज्येष्ठ में ही सावन माह को महसूस करा दिया है।
भीषण गर्मी वाला यह महीना रिमझिम बारिश व तेज हवा की वजह से लोगों को ठंड का अहसास करा रहा है। वहीं, इन दिनों बदला मौसम 25 साल पुरानी रांची की याद दिलाती है।रविवार को मौसम ने करवट बदली और शहर के आसपास झमाझम बारिश हुई।
दोपहर बाद काले बादलों के छाने से सड़क पर अधेरा छा गया। लॉकडाउन की वजह से सड़क पर सन्नाटा रहा। पर जो इक्का-दुक्का वाहन दिखे, उनमें हेडलाइट जला कर सड़क पर चलना पड़ा। कई जगहों पर बारिश के साथ ही ओलावृष्टि भी हुई।
पिछले 24 घंटे में झारखंड में कहीं-कहीं पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश 19 एमएम बोकारो में दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस जमशेदपुर में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस कांके में दर्ज किया गया। अगले पांच दिन भी मौसम में ऐसे बदलाव हो सकते हैं। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि राज्य में 14 मई तक आंधी-बारिश की संभावना है। रांची का पारा 34 डिग्री से नीचे रहेगा।