रांचीः रिम्स अस्पताल में मचा हड़कंप,जानिए क्या है मामला

रांची रिम्स से बुधवार को एक कोरोना पॉजिटिव मरीज फरार हो गया है। जानकारी के मुताबिक, मरीज रिम्स के सर्जरी विभाग में इलाजरत था। इलाज के दौरान मरीज का कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था।

सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी के बाद मरीज वार्ड के स्वास्थ्य कर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। उधर, कोरोना पॉजिटिव मरीज के भाग जाने के बाद अस्पताल और स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, फरार पॉजिटिव मरीज की खोजबीन जारी है।

पहले भी हो चुकी है घटना

इससे पहले पिछले माह रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती डेढ़ साल के संक्रमित बच्चे को लेकर उसके मां बाप बगैर रिम्स प्रबंधन से अनुमति लिए फरार हो गए थे। बच्चे की सर्जरी की जानी थी। रिम्स में भर्ती करने के बाद एहतियात के तौर पर उसका कोविड टेस्ट किया गया। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। रिपोर्ट आने के बाद बच्चे को मां के साथ तुरंत कोविड वार्ड में शिफ्ट किया गया था। काफी मशक्कत के बाद इस दंपती को बच्चे समेत पकड़ लिया गया और धनबाद के कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था।

रांची में अब तक मिल चुके हैं 936 पॉजिटिव केस

राजधानी रांची में अब तक 936 कोरोना के मरीज मिल चुके हैं। पिछले 24 घंटे में रांची जिले में 797 सैंपल की जांच हुई। इनमें 106 पॉजिटिव मिले। यानी हर 100 सैंपल पर करीब 13 पॉजिटिव। कोरोना काल में रांची में एक दिन में यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके साथ ही कोरोना राजधानी के हर कोने-कोने में फैल गया है। मंगलवार को रांची के हरमू, बरियातू, कडरू, रातू रोड, कांके रोड, नामकुम, चुटिया, चर्च रोड, दुबलिया, अरगोड़ा, हेहल, हिनू से संक्रमित मिले।