रांची। झारखंड में ‘एम्फन’ का रहेगा आंशिक असर, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
- By admin --
- 18 May 2020 --
- comments are disable
रांची। झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘एम्फन’ का आंशिक असर देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग, रांची ने इस तूफान के चलते ओडिशा से सटे झारखंड के समीपवर्ती इलाके में आंधी के साथ ही भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवातीय तूफान से ओडिशा व गंगेटिक बंगाल के तटीय क्षेत्रों में तेज हवा के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने इस तूफान को ‘एम्फन’ नाम दिया है। मौसम विभाग रांची के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि झारखंड में इस तूफान का ज्यादा असर नहीं होगा।
भारत मौसम विभाग दिल्ली ने फिलहाल झारखंड के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। कोटाल ने बताया कि इस चक्रवातीय तूफान से ओडिशा से सटे झारखंड के पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां व सिमडेगा जैसे जिले में तेज हवा के साथ मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।