गढ़वाः एसीबी की हत्थे चढ़ा राजस्व कर्मचारी दिलीप कुमार बैठा

पलामू भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार को बिशुनपुरा प्रखंड के राजस्व कर्मचारी दिलीप कुमार बैठा को चार हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी राजस्व कर्मचारी की गिरफ्तारी बंशीधर नगर के जंगीपुर ग्राम स्थित रेलवे स्टेशन के समीप आवास से की है।

गिरफ्तारी के बाद राजस्व कर्मचारी को पलामू ले जाया गया है।जानकारी के मुताबिक, बिशुनपुरा प्रखंड के कर्मचारी दिलीप कुमार बैठा ने प्रखंड के पिपरी खुर्द ग्राम के निवासी देवनाथ कुशवाहा से उनके जमीन के अपग्रेडेशन के लिए चार हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। देवनाथ कुशवाहा ने इसकी शिकायत पलामू एसीबी टीम से की थी।

शिकायत के बाद पलामू एसीबी टीम ने अपने स्तर से जांच पड़ताल की। इसके बाद शुक्रवार की सुबह 8 बजे कर्मचारी दिलीप कुमार बैठा को नगर उंटारी स्टेशन के समीप उनके आवास से चार हजार रुपए रिश्वत की रकम के साथ रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी दिलीप कुमार बैठा को पलामू जिले के विश्रामपुर थाना के लालगढ़ बिहार का निवासी बताया जा रहा है।