फ्लाईओवर उद्घाटन पर सीएम हेमंत सोरेन ने गडकरी को लिखा पत्र

रातू रोड फ्लाईओवर उद्घाटन को लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को लिखा पत्र: उद्घाटन के तारीख आगे बढ़ाने का किया आग्रह

रांची:झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर राजधानी रांची में प्रस्तावित रातू रोड फ्लाईओवर (एलिवेटेड कॉरिडोर) के उद्घाटन की तारीख को आगे बढ़ाने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री ने पत्र में स्पष्ट किया है कि उनके पिता एवं झारखंड आंदोलन के प्रख्यात नेता शिबू सोरेन की तबीयत इन दिनों नाजुक बनी हुई है, जिसके कारण वे इस अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शरीक नहीं हो सकेंगे। उन्होंने लिखा कि इस उद्घाटन समारोह का हिस्सा बनना उनके लिए गौरव की बात होती, लेकिन पारिवारिक स्थिति के चलते यह संभव नहीं है।

हेमंत सोरेन ने गडकरी से आग्रह किया कि वे उद्घाटन की तिथि को कुछ दिन आगे बढ़ाने पर विचार करें ताकि वे स्वयं उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक परियोजना का हिस्सा बन सकें। मुख्यमंत्री ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से राजधानी रांची में हो रहे बुनियादी ढांचा विकास कार्यों से लोगों को लंबे समय तक लाभ मिलेगा, और ऐसे आयोजन में सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित होनी चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री का यह पत्र केंद्रीय मंत्री कार्यालय को प्राप्त हो गया है, हालांकि अब तक उद्घाटन कार्यक्रम के शेड्यूल में कोई आधिकारिक बदलाव नहीं किया गया है।

ज्ञात हो कि केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 3 जुलाई को रांची पहुंचने वाले हैं और दोपहर करीब 3 बजे रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन प्रस्तावित है।