कार्टून में भारी मात्रा में कैश बरामद, कर्मचारी राजकुमार पांडे घेरे में !

रामगढ़ के गोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान एक कार से करीब 51 लाख रुपए कैश बरामद की है। आयकर विभाग की टीम मंगलवार को गोला थाना पहुंची और बरामद रुपए की गिनती की। नोट गिनने वाली मशीन से मिलान करने के बाद आयकर विभाग के अधिकारी ने इसकी पुष्टि की। गौरतलब है कि रांची से बोकारो जा रही कार से पुलिस ने नोटों से भरा कार्टून बरामद किया था। कार को रोका गया तो उसमें दो लोग सवार थे। पुलिस को शक हुआ और तलाशी लेने पर कार्टून में भारी मात्रा में कैश बरामद हुए थे।
आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह रकम बोकारो के उपायुक्त कार्यालय के नजारत में कार्यरत डीसीएलआर कर्मचारी राजकुमार पांडे की बतायी जा रही है। राजकुमार पांडे ने दावा किया कि यह रकम जमीन बिक्री से प्राप्त हुई है और इसके समर्थन में उन्होंने एक एग्रीमेंट भी प्रस्तुत किया। हालांकि, आयकर विभाग की टीम ने उस एग्रीमेंट को वैध नहीं माना। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि कानून के अनुसार कोई भी व्यक्ति केवल दो लाख रुपए तक ही कैश अपने साथ ले जा सकता है। इससे अधिक राशि कैश के रूप में ले जाना गैरकानूनी है।