पांच साइबर ठग गिरफ्तार, स्कॉर्पियो समेत कई मोबाइल बरामद

पांच साइबर ठग गिरफ्तार, स्कॉर्पियो समेत कई मोबाइल बरामद

गिरिडीह पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी बिहार के पटना से खरीदारी कर स्कॉर्पियो वाहन से गिरिडीह-गांडेय रोड होते हुए जामताड़ा लौट रहे थे। गांडेय थाना क्षेत्र में की गई विशेष जांच के दौरान पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में

करमाटांड़ का विजय मंडल,
नारायणपुर का अर्जुन मंडल,
शेखपुरा (बिहार) के किशनपुर का आदित्य राज उर्फ ओम शंकर,
नालंदा (बिहार) के सारे का गजेंद्र कुमार,
और बरबीघा का रवि कुमार शामिल हैं।

पुलिस ने इनके पास से 10 मोबाइल फोन (जिनमें 5 iPhone शामिल), 14 सिम कार्ड, और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। साइबर डीएसपी आबिद खान ने बताया कि एसपी डॉ. विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी पटना से खरीदारी कर लौट रहे हैं। इसके बाद एक विशेष टीम गठित की गई और गांडेय-गिरिडीह मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें सफलता मिली।

पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि वे फर्जी आरटीओ चालान, बैंक अधिकारी बनकर कॉल, केवाईसी अपडेट और अन्य झूठे बहाने से लोगों को ठगने का काम करते थे।
ठगी के पैसों से ये लोग महंगे मोबाइल और जेवरात खरीदते थे।