बेड़ो में अज्ञात वाहन ने 18 बकरियो को रौंदा, कई बकरियां गंभीर !

बेड़ो: बेड़ो प्रखंड के जरिया गांव स्थित सिंघवा टोली निवासी सोनू लोहरा, पिता रंजन लोहरा, के लिए आज की सुबह एक भयावह हादसा बनकर आई। जरिया पेट्रोल पंप के पास सुबह लगभग 9:30 बजे वे अपने बकरियों के झुंड को रांची-बेड़ो मुख्य मार्ग पार करवा रहे थे, तभी तेज़ रफ्तार से आ रही एक फोर व्हीलर गाड़ी ने पूरे झुंड को रौंद डाला। इस दर्दनाक घटना में 18 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हैं।

मारी गई बकरियों में अधिकांश दूध देने वाली थीं, जिनके कुल 9 छोटे बच्चे फिलहाल घर में सुरक्षित हैं और दूध पीने की अवस्था में हैं। इन बच्चों की देखभाल और पोषण अब परिवार के लिए नई चुनौती बन गई है।

सोनू लोहरा ने बताया कि उनका पूरा परिवार बकरी पालन पर निर्भर है। घर में बेटे और बेटी की शादी तय थी, जिसे बकरियों की बिक्री से पूरा करना था। उन्होंने टूटे हुए मन से कहा—”अब तो पूरी दुनिया ही उजड़ गई लगती है।”

घायल बकरियों में कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने सड़क निर्माण करा रही आरकेडी रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी पर भी गंभीर आरोप लगाए, कहा कि घटिया निर्माण और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।

मौके से फरार हुई फोर व्हीलर गाड़ी की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। फिलहाल गाड़ी का मॉडल और नंबर स्पष्ट नहीं है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपी वाहन की पहचान की जा सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक पीड़ित किसान को उचित मुआवजा नहीं मिलता, वे सड़क जाम कर विरोध करेंगे। प्रत्येक मृत बकरी की कीमत करीब 12 से 15 हजार रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत की मुखिया कुंवारी खलखो मौके पर पहुंचीं और पीड़ित किसान को सांत्वना दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नियमानुसार राहत दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा और प्रशासन से भी उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी