ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने के लिए जोहान्सबर्ग पहुंचे पीएम मोदी

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में 15वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार (22 अगस्त) की शाम करीब सवा पांच बजे पहुंचे. इस दौरान उनका एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया. पीएम मोदी यहां राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के निमंत्रण पर आए हैं और वो 22 से 24 अगस्त तक रहेंगे.

पीएम मोदी के स्वागत में एयरपोर्ट पर काफी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग मौजूद रहे. इस दौरान मोदी ने लोगों का अभिवादन किया और हाथ भी मिलाया.

पीएम मोदी ने दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना होने से पहले विश्वास जताया कि यह सम्मेलन सदस्य देशों को भविष्य के सहयोग के क्षेत्रों की पहचान करने और संस्थागत विकास का जायजा लेने का उपयोगी अवसर प्रदान करेगा.

 

जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स बिजनेस फोरम लीडर्स डायलॉग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है. जल्द ही भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा. उन्होंने कहा कि भारत के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है, 100 से अधिक यूनिकॉर्न हैं.

पीएम मोदी ने बताया कि ब्रिक्स बिजनेस काउंसिल ने दस सालों में हमारे आर्थिक सहयोग को बढ़ाने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा, ” 2009 में जब ब्रिक्स की पहली समिट आयोजित हुई तो विश्व एक बड़े आर्थिक संकट से बाहर आ रहा है. इस दौरान ब्रिक्स वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए आशी के किरण के रूप में उभरा था.”

उन्होंने कहा, ”कोविड महामारी, तनावों और विवादों के बीच विश्व आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है. ऐसे समय में ब्रिक्स देशों की एक महत्वपूर्ण भूमिका है. वैश्विक अर्थव्यवस्था में उथल पुथल के बाद भी भारत आज दुनिया की सबसे बड़ी मेजर अर्थव्यवस्था है. हम जल्द ही 5 ट्रिलियन डॉलर वाली अर्थव्यवस्था का देश हो जाएगा.”

पीएम मोदी ने कहा कि इस बात में कोई संदेह नहीं है कि आने वाले सालों में भारत विश्व का ग्रोथ इंजन होगा क्योंकि हमने आपदा और मुश्किलों को समय को आर्थिक सुधार के अवसरों में बदला है. पिछले कुछ सालों में हमने मिशन मोड में जो बदलाव किए हैं उससे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में काफी बढ़ोतरी हुई है. हमने रेड टेप को हटाकर रेड कार्पेट बिछाया है.