न्यूयॉर्क के अगले मेयर होंगे भारतवंशी जोहरान ममदानी !

US: न्यूयॉर्क के अगले मेयर होंगे भारतवंशी जोहरान ममदानी, पूर्व गवर्नर कुओमो को हराया, ट्रंप को बड़ा झटका

अमेरिका के सबसे अहम मेट्रो शहरों में शुमार न्यूयॉर्क में डेमोक्रेटिक पार्टी को बड़ी जीत मिली है। उसके उम्मीदवार भारतवंशी जोहरान ममदानी को यहां मेयर चुनाव में जीत मिली है। ममदानी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एंड्रयू कुओमो को शिकस्त दी। कुओमो इस चुनाव में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन हासिल कर चुके थे। इसके बावजूद उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

इसी के साथ ममदानी न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम और भारतीय-अमेरिकी मेयर के तौर पर शपथ लेंगे। बता दें कि उनके प्रतिद्वंद्वी एंड्रयू कुओमो के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप हैं, जिनका उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। इन्हीं आरोपों के चलते चार साल पहले एंड्रयू कुओमो को गवर्नर पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

 

पहले रैपर, फिर विधायक और अब न्यूयॉर्क के अगले मेयर; कौन हैं भारतवंशी जोहरान ममदानी?
जोहरान का जन्म युगांडा की राजधानी कंपाला में हुआ था। उनके माता-पिता भारतीय मूल के हैं। जोहरान की मां मीरा नायर एक मशहूर फिल्म निर्माता हैं, जिन्होंने ‘मानसून वेडिंग’, ‘द नेमसेक’ और ‘मिसिसिपी मसाला’ जैसी अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का निर्देशन किया है। उनके पिता महमूद ममदानी कोलंबिया यूनिवर्सिटी में मानव विज्ञान के प्रोफेसर हैं।

सात साल की उम्र में जोहरान अपने परिवार के साथ न्यूयॉर्क आ गए थे। उन्होंने 2014 में बोउडिन कॉलेज, मेन से अफ्रीकाना स्टडीज में डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने क्वींस में रहकर वहां के लोगो के लिए सामाजिक काम किए और यहीं से राजनीति में उतरने ठान ली। दिलचस्प बात यह है कि जोहरान कभी स्थानीय हिपहॉप सिंगर भी रहे हैं। वो ‘यंग कार्डेमम’ और बाद में ‘मिस्टर कार्डेमम’ के नाम से रैप किया करते थे। उनके एक गाने ‘नानी’ ने हाल ही में फिर से लोकप्रियता हासिल की, जो उन्होंने अपनी दादी के सम्मान में बनाया था।