ऑक्सीजन की कमी के कारण किसी भी मरीज की मौत नहीं होगी: डॉ इरफान

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर रानीगंज की सूरजमुनि सोरेन और ग्रामवासियों ने किया स्वास्थ मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी को सम्मानित

सम्मान से भावुक हुए डॉ. इरफ़ान अंसारी

सूरजनमुनि ने कहा कि जनता के लिए हर समय तत्पर रहते हैं डॉक्टर साहब

स्वास्थ मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य के किसी भी अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी के कारण किसी भी मरीज की मौत नहीं होगी

ऑक्सीजन की कमी के कारण मैंने अपनी मां को खोया है, ऐसा किसी और के साथ न हो इसके लिए मैं संकल्पबद्ध हूँ

आज राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर रानीगंज की सूरजमुनि सोरेन ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी को अपने गांव में सम्मानित किया। सूरजमुनि और ग्रामवासियों ने मंत्री जी की सराहना करते हुए कहा कि वो जनता के हित के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। हमेशा सभी के सुख दुख में साथ रहते हैं।

इस सम्मान समारोह की सबसे खास बात यह थी कि न तो यहां कोई बड़ा मंच था और न ही लाउडस्पीकर। बस था तो ग्रामवासियों का अपने डॉक्टर मंत्री के लिए असीम प्रेम और सम्मान।

मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफ़ान अंसारी ने कहा कि रानीगंज की बेटी सूरजमुनि सोरेन और ग्रामवासियों के प्रेम और सम्मान से मैं अभिभूत हूं। अच्छे कार्यों की सराहना अगर आम जनता करती है तो और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर मैं सभी चिकित्सकों को बधाई देता हूं। चिकित्सक धरती पर भगवान का रूप होते हैं उनका सम्मान करना सभी का कर्तव्य है।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में दायित्व संभालते ही मेरा एकमात्र लक्ष्य रहा है कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को कैसे सुदृढ़ और बेहतर किया जाए। गांव से लेकर शहर तक की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ कर एकरूपता लाना मेरी प्राथमिकता है। इस दिशा में प्रत्येक दिन मेरे द्वारा कार्य किया जा रहा है। राज्य के अस्पतालों में मूलभूत सुविधाओं के साथ साथ हर आधुनिक सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास हो रहा है।
गत वर्ष मेरी माताजी का निधन ऑक्सीजन के अभाव में हो गया था। इस घटना ने मुझे अन्दर से तोड़ दिया। मैं राज्य के सभी अस्पतालों चाहे वो निजी हो या सरकारी सभी को निर्देश देता हूं कि आपके यहां किसी भी हालत में ऑक्सीजन की कमी नहीं होनी चाहिए। मैने अपनी मां को खोया है, मैं नहीं चाहता कि ऐसा किसी और के साथ हो।

मुझे विरासत में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था के रूप में कांटो भरा ताज मिला है लेकिन मैं अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत से राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को उत्कृष्ट बनाऊंगा, ये मेरा वादा है।