अशोक गहलोत का कटेगा पत्ता? कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर संशय बरकरार
- By rakesh --
- 29 Sep 2022 --
- comments are disable
दिग्विजय सिंह और खड़गे भी तैयार
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में पार्टी दोतरफा रणनीति पर अमल कर रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिल सकते हैं। वहीं, दूसरी तरफ पार्टी दूसरे उम्मीदवार की संभावना भी तलाश रही है। इसमें दिग्विजय सिंह और मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम शामिल हैं। दिग्विजय सिंह शुक्रवार को नामांकन कर सकते हैं!
हाईकमान अपनी छवि को लेकर भी सावधान है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व नहीं चाहता कि राजस्थान घटनाक्रम के बाद कोई गलत संदेश जाए। इसलिए, पार्टी की कोशिश है कि अशोक गहलोत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करें। संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के मुताबिक राजस्थान में कोई ड्रामा नहीं हुआ। एक-दो दिन में स्थिति साफ और सामान्य हो जाएगी।
अशोक गहलोत के करीबी नेताओं का कहना है कि स्थिति गुरुवार शाम तक साफ हो जाएगी। अध्यक्ष पद के चुनाव में गहलोत पार्टी नेतृत्व के आदेश का पालन करेंगे। ऐसे में यह सवाल है कि गहलोत और थरूर के साथ दिग्विजय सिंह भी नामांकन करते हैं, तो लड़ाई त्रिकोणीय हो जाएगी। हालांकि, कई नेता मानते हैं कि दिग्विजय सिंह की दावेदारी गहलोत पर दबाव बनाना है।